बिहार: आंधी-बारिश से 33 की मौत, हजारों घर तबाह

  • 22/04/2015

  • Dainik Bhaskar (New Delhi)

पटना. बिहार के पूर्णिया और मधेपुरा जिले में मंगलवार रात आई आंधी-बारिश में करीब तीन दर्जन लोग मारे गए हैं और हजारों घर बर्बाद हो गए हैं। पूर्णिया जिले में 25, मधेपुरा में 7 और कटिहार में एक आदमी की मौत की खबर है। सैकड़ों लोग जख्मी भी हुए हैं। दोनों जिले में 10 हजार से अधिक घर उजड़ गए हैं। झोपड़ी और एसबेस्टस की छतें उड़ गई हैं। सड़कों और बिजली के पोलों पर पेड़ गिर जाने से यातायात और बिजली व्यवस्था ठप पड़ गई है। आंधी तूफान से मोबाइल टावरों को भी नुकसान हुआ है, जिससे मोबाइल नेटवर्क भी काम नहीं कर रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की है। वह इलाके का दौरा भी करने वाले हैं। मधेपुरा जिले में मुरलीगंज, बिहारीगंज और उदाकिशनगंज प्रखंड सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। यहां के कई गांवों में सैकड़ों झोपड़ियां उड़ गईं। कई जगहों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया है। बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। मधेपुरा के डीएम ने कहा है कि अधिकारियों को आदेश दे दिया गया है कि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द राहत मुहैया कराई जाये। प्रशासन और स्थानीय लोग सड़कों पर गिरे पेड़ काटकर हटा रहे हैं।